विक्रोली में मेट्रो प्रोजेक्ट का बैरिकेड गिरने से एक की मौत, तीन घायल
मुंबई, 19 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के विक्रोली इलाके में मेट्रो प्रोजेक्ट के काम के दौरान सडक़ पर लगाया गया लोहे का बैरिकेड अचानक गिर जाने से एक शख्स की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही विक्रोली पार्क साइट पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मृतक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना में घायलों का इलाज राजावाड़ी अस्पताल में हो रहा है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि इस घटना में मृतक की पहचान 54 वर्षीय वसी हैदर के रूप में हुई है। वह घाटकोपर की गौसिया चॉल में रहता था। वसी हैदर शुक्रवार को अपनी बाइक से प्लंबिंग का काम करने के लिए मुलुंड जा रहा था। इसी दौरान विक्रोली के एलबीएस मार्ग पर रोजऱी बिल्डिंग के सामने डिवाइडर पर लगाया गया लोहे का बैरिकेड अचानक गिरकर उसकी बाइक पर जा गिरा। हादसे में वसी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मार्ग पर पिछले कई वर्षों से मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। हादसे के बाद विक्रोली पार्कसाइट पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर मेट्रो का काम कर रही कॉन्ट्रैक्टर कंपनी, कंपनी के सुपरवाइजर और प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

