home page

मुंबई के अंधेरी में एमडी ड्रग बनाने की फैक्टरी पर पुलिस का छापा, दो गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई अंधेरी इलाके में एक चाल में एमडी ड्रग बनाने की फैक्टरी में पुलिस ने छापा मार कर एमडी ड्रग बनाने का सामान जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे की छानबीन जारी है।

इस मामले की छानबीन कर रहे खार पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध हालत में एक शख्स को 15.44 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था और उसका मोबाइल फोन जब्त किया था। इसके बाद जांच में पता चला कि पकड़ा गया शख्स कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद आरिफ मोहम्मद इलियास शेख (44) है और वह गुजरात से फरार है।

जांच के दौरान आरोपित ने बताया कि वह गुजरात में ड्रग सहित गिरफ्तार किया गया था और उसे दस साल की सजा हुई थी। लेकिन पेरोल मिलने के बाद वह गुजरात से फरार हो गया था और अंधेरी में सहार रोड पर स्थित एक चाल में 13,000 रुपये महीने के किराए पर एक कमरा लिया और वहीं पर एमडी ड्रग की फैक्टरी शुरु कर दिया था। इस छोटे से कमरे से आरोपित 30 करोड़ रुपये का ड्रग्स का धंधा चला रहा था। इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद आरीफ के साथी रिजवान अहमद लियाकत अली को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपित की पत्नी नसरीन ड्रग्स से मिले पैसों का हिसाब रखती थी। पुलिस ने उसके बैंक अकाउंट में 26 लाख रुपये फ्रीज कर दिए हैं। मोहम्मद आरिफ शेख पर पहले से ही 15 से ज्यादा केस दर्ज हैं। इस मामली की गहन छानबीन पुलिस कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव