home page

मुंबई के महापौर कार्यालय में बम विस्फोट की धमकी का ईमेल भेजने वाले अज्ञात शख्स के विरुद्ध मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई नगर निगम की महापौर रितु तावड़े के कार्यालय में बम विस्फोट की धमकी भरा ईमेल भेजने वाले अज्ञात शख्स के विरुद्ध शनिवार को मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले की छानबीन मुंबई पुलिस साइबर की टीम के सहयोग से कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया शुक्रवार को मुंबई के महापौर कार्यालय में महापौर रितु तावड़े के कार्यालय और शहर के एक अमेरिकन स्कूल में बम विस्फोट करवाए जाने संबंधित ईमेल भेजा था। साथ ही धमकी भरे ईमेल में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ समेत कई मशहूर हस्तियों का भी जिक्र किया गया था।

इस धमकी भरे ईमेल के मिलते ही पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ महापौर कार्यालय और स्कूल में तलाशी ली थी, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला था। साथ ही मुंबई पुलिस ने फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन के जलसा नामक बंगले पर भी पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया था। अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा बंगले पर कल एक शख्स को हिरासत में लिया गया था। उस शख्स ने पूछताछ में बताया कि वह सेल्फी लेने के लिए जलसा बंगले के पास रुका था। इसके बाद उस शख्स को छोड़ दिया गया।

अधिकारियों को संदेह है कि ये ईमेल नॉर्वे से वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) के जरिए भेजे गए हो सकते हैं। जांचकर्ता ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटे हैं। साइबर सेल तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि ईमेल के वास्तविक स्रोत और आरोपित की पहचान की जा सके। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। ईमेल में दी गई धमकी की गंभीरता और उसकी विश्वसनीयता को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव