home page

मथाडी एक्ट बना रहेगा, वडाला में 3 हजार मजदूरों को मिलेंगे घर : मुख्यमंत्री

 | 

मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि मथाडी (भारी सामान ढोने वाले मजदूर) मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा और कानूनी संरक्षण देने वाला ऐतिहासिक मथाडी एक्ट किसी भी स्थिति में समाप्त नहीं किया जाएगा। सरकार इस कानून को और मजबूत करेगी तथा मथाडी मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। साथ ही मथाड़ी तीन हजार मजदूरों को वडाला में घर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज वाशी स्थित एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केट कमेटी (एपीएमसी) में मथाडी आंदोलन के संस्थापक स्वर्गीय विधायक अन्नासाहेब पाटिल की 93वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मथाडी मजदूर सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वडाला में मथाडी मजदूरों के लिए प्रस्तावित हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी अड़चनों को दूर कर आवश्यक अनुमतियां प्रदान कर दी गई हैं। इस परियोजना के तहत करीब 3,000 मथाडी मजदूरों को आधुनिक और बेहतर आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मजदूरों के लिए और आवासीय परियोजनाएं शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नासाहेब पाटिल ने महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों से मुंबई आए असंगठित मजदूरों को संगठित कर उनके श्रम को सम्मान दिलाया और मथाडी एक्ट के माध्यम से उन्हें कानूनी सुरक्षा प्रदान की। उन्होंने कहा कि मथाडी एक्ट मजदूरों के लिए सुरक्षा कवच है। कानून को समाप्त किए जाने की आशंका को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस कानून को खत्म नहीं होने देगी।

उन्होंने यह भी कहा कि मथाडी आंदोलन के नाम पर कुछ कथित फर्जी समूह सक्रिय हैं, जिनसे मजदूरों को नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे गैर-कानूनी कार्यों पर रोक लगाने और वास्तविक मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए जल्द ही मजदूर नेताओं और संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फडणवीस ने कहा कि मथाडी मजदूरों की अगली पीढ़ी को केवल मथाडी काम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मजदूरों के बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर और सिविल सर्विस जैसे क्षेत्रों में आगे बढऩे की अपील की। उन्होंने बताया कि मथाडी मजदूरों के बच्चों की उच्च शिक्षा और कौशल विकास के लिए अन्नासाहेब पाटिल आर्थिक पिछड़ा विकास महामंडल और ‘सारथी’ के माध्यम से विभिन्न योजनाएं तैयार की जाएंगी। राज्य सरकार इसके लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

इस अवसर पर वन मंत्री गणेश नाईक, मार्केटिंग मंत्री जयकुमार रावल, नवी मुंबई की मेयर सुजाता पाटिल, अन्नासाहेब पाटिल आर्थिक पिछड़ा विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटिल, विधायक शशिकांत शिंदे, विधायक मंदाताई म्हात्रे, विधायक निरंजन डावखरे, विधायक मनोज जमसुतकर, डॉ. प्राची पाटिल, पूर्व सांसद संजीव नाईक, संदीप नाईक सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मथाडी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव