home page

सूखा-मुक्त महाराष्ट्र का संकल्प पूरा करेंगे : मुख्यमंत्री

 | 
सूखा-मुक्त महाराष्ट्र का संकल्प पूरा करेंगे : मुख्यमंत्री


मुंबई, 15 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के साथ राज्य को हमेशा के लिए सूखा-मुक्त बनाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महाराष्ट्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और राज्य देश के विकास का ‘ग्रोथ इंजन’ है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्रालय में आयोजित मुख्य सरकारी समारोह में मुख्यमंत्री फडणवीस ने ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य है और चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में राज्य की आर्थिक विकास दर करीब 8.8 प्रतिशत रही है। सरकार प्रत्येक जिले को विकास का ‘ग्रोथ इंजन’ बनाने की दिशा में काम कर रही है। अब तक करीब 13 जिलों ने निर्धारित विकास लक्ष्य हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली, पालघर, नंदुरबार समेत राज्य के हर क्षेत्र में विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि देश का तिरंगा हमेशा ऊंचा रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के लिए पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर ऋणमाफी योजना लागू की जा रही है। इसके तहत 56 लाख किसानों को करीब 36 हजार करोड़ रुपये की ऋणमाफी दी जा रही है। किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और वर्तमान में 76 प्रतिशत किसानों को दिन में बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक 100 प्रतिशत किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मराठवाड़ा, विदर्भ, उत्तर महाराष्ट्र और पश्चिम महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने के लिए नदी जोड़ो परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आने वाली पीढिय़ों को सूखे की समस्या से मुक्त करना है। उन्होंने दोहराया कि महाराष्ट्र को हमेशा के लिए सूखा-मुक्त बनाना सरकार का संकल्प है।

इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मंत्री संजय सावकारे, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, प्रोटोकॉल सचिव राजेश गवांडे, मंत्रालय के विभिन्न विभागों के प्रमुख, तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी तथा आमंत्रित नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव