home page

मराठवाड़ा को सूखा-मुक्त बनाएंगे : मुख्यमंत्री फडणवीस

 | 
मराठवाड़ा को सूखा-मुक्त बनाएंगे : मुख्यमंत्री फडणवीस


मुंबई, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को संभाजी नगर में कहा कि मराठवाड़ा को फिर कभी सूखे का सामना नहीं करने दिया जाएगा। कोंकण से समुद्र में बह जाने वाले अतिरिक्त पानी को उजनी के माध्यम से मराठवाड़ा तक लाकर क्षेत्र को समृद्ध और खुशहाल बनाने का सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस छत्रपति संभाजीनगर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की असली पहचान है। इस तिरंगे के लिए हजारों लोगों ने बलिदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 9 से 15 अगस्त तक देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। छत्रपति संभाजीनगर की रैली में उमड़ी भीड़ देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यहां तिरंगे के प्रति लोगों का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा है। फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत ने तेजी से प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर देश की मजबूत पहचान बनी है। महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था भी तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश और राज्य के साथ अब मराठवाड़ा भी विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि इनोवेशन, रिसर्च और स्टार्टअप के क्षेत्र में युवाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र ने मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित किया है और नई तकनीक तथा अनुसंधान के क्षेत्र में युवा बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। इसी युवा शक्ति के आधार पर विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने देश को दुनिया के सबसे उत्कृष्ट संविधानों में से एक दिया। नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखना चाहिए। अच्छे नागरिक बनकर ही समाज और देश को मजबूत बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने मराठवाड़ा के मुक्ति संग्राम का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र को निजाम के शासन से मुक्ति दिलाने के लिए हजारों देशभक्तों ने बलिदान दिया। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने नागरिकों से देश, राज्य और समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

रैली में विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, जलसंपदा मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, मंत्री गिरीश महाजन, पंकजा मुंडे, अतुल सावे, जयकुमार रावल, संजय सावकारे, केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे, राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर, सांसद अशोक चव्हाण, सांसद स्मिता वाघ सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और वंदे मातरम् के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव