मराठा आरक्षण: कुनबी सर्टिफिकेट के लिए 10 से 17 सितंबर तक मंडल स्तर पर लगेंगे विशेष कैंप
मुंबई, 03 सितंबर (हि.स.)। मराठा और कुनबी समुदाय के पात्र नागरिकों के जाति प्रमाणपत्र तथा जाति वैधता प्रमाणपत्र की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए छत्रपति संभाजीनगर संभागीय आयुक्त कार्यालय ने मंडल स्तर पर 10 से 17 सितंबर तक विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।
संभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि संभाग के सभी आठ जिलों के कलेक्टरों को मंडल स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश के मुताबिक 10 से 17 सितंबर के बीच छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, बीड, लातूर और धाराशिव जिलों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में कुनबी, मराठा-कुनबी और कुनबी-मराठा समुदाय के पात्र नागरिकों के जाति प्रमाणपत्र और जाति वैधता प्रमाणपत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
हर जिले में मंडल स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। अधिकारियों को आवेदकों के दस्तावेजों की जांच कर पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और गतिशील रखने पर भी जोर दिया गया है। विशेष कैंपों की तारीख, समय और स्थान की जानकारी ग्राम पंचायत, नोटिस बोर्ड और स्थानीय मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, कैंप में होने वाली दैनिक कार्रवाई की रिपोर्ट नोडल अधिकारी के माध्यम से संभागीय कार्यालय को भेजनी होगी।
संभागीय आयुक्त ने जाति प्रमाणपत्र और जाति वैधता प्रमाणपत्र से संबंधित शिकायतों की रोजाना समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार, उपविभागीय अधिकारी और जाति वैधता समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा, लंबित मामलों की रिपोर्ट हर सोमवार संबंधित कार्यालयों में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन पात्र नागरिकों के जाति प्रमाणपत्र या जाति वैधता प्रमाणपत्र की प्रक्रिया लंबित है, उनके मामलों का तेजी से निपटारा करने को प्राथमिकता देने को कहा गया है। संभागीय आयुक्त ने इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लागू करने और संबंधित अधिकारियों को आदेशों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
संभागीय आयुक्त के आदेश के बाद भी मराठा नेता मनोज जारांगे ने आज अपना अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने की घोषणा की है। मनोज जारांगे ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती, वे अपना आंदोलन स्थगित नहीं करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

