महाराष्ट्र के पुणे, सतारा, सोलापुर और अहिल्यानगर में भारी बारिश की संभावना
मुंबई, 19 जुलाई (हि.स.)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को महाराष्ट्र के पुणे, सतारा, सोलापुर और अहिल्यानगर जिलों में 20 जुलाई से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही मराठवाड़ा और विदर्भ के कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने आज पत्रकारों को बताया कि 20 जुलाई से पूरे राज्य में बारिश की तीव्रता और बढऩे की उम्मीद है। ठाणे, नवी मुंबई और पालघर में 17 जुलाई से हल्की बारिश हो रही है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार इस दरम्यान मुंबई,ठाणे और नवी मुंबई के अंदरूनी इलाकों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान यवतमाल में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि महाबलेश्वर में सबसे कम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश की गतिविधियों के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया है। पिछले २४ घंटों में राज्य में सबसे ज़्यादा बारिश ताम्हिनी में दर्ज की गई, जहाँ इस दौरान 200 मिमी बारिश हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

