मराठा नेता मनोज जारांगे का ऐलान, मांगें पूरी नहीं हुईं तो 29 से भूख हड़ताल करेंगे
मुंबई, 28 अगस्त (हि.स.)। मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल ने शुक्रवार को संभाजी नगर में कहा कि मराठा समाज को कुन्बी जाति प्रमाणपत्र दिए जाने की उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो मराठा कार्यकर्ता मुंबई में आंदोलन के लिए आएंगे। मनोज जारांगे ने कहा कि वे इस मांग को लेकर 29 अगस्त से अंतरवाली सराटी में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
मनोज जारांगे ने संभाजीनगर में पत्रकारों को बताया कि उन्होंने सरकार को आजतक उनकी मांगों को पूरा करने का समय दिया था लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गई है। इसी वजह से वे अपनी मांगों को लेकर शनिवार से जालना जिले के अंतरवाली सराटी में कल से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे। मनोज जारांगे ने कहा कि इससे पहले जब उन्होंने आंदोलन किया था तो सरकार की ओर से उनकी मांगों को मानकर कार्यवाही का आश्वासन दिया गया था। सरकार को ५८ लाख मराठा समाज के लोगों की कुन्बी समाज के दस्तावेज मिले हैं, इन लोगों को कुन्बी प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा है। जारांगे ने मराठा समुदाय से आंदोलन के समर्थन में बड़ी संख्या में अंतरवाली सराटी पहुंचने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों से अपने दस्तावेजों के साथ पहुंचने को कहा, जिनके कुनबी रिकॉर्ड की पहचान हो चुकी है।
मराठा आरक्षण के लिए किए गए आंदोलनों के दौरान मराठा युवकों पर दर्ज मामले वापस लिए जाने का भी आश्वासन दिया गया था, उसे भी वापस नहीं लिया गया। साथ ही मराठा समाज को स्वतंत्र महामंडल दिया जाना चाहिए। मनोज जारांगे ने कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन मुंबई की ओर बढ़ेगा और मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ तक मार्च किया जाएगा उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस अमल नहीं होता, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने समुदाय के लोगों से आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठाने और आंदोलन के दौरान एकजुट रहने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

