home page

मराठा नेता मनोज जरांगे 29 अगस्त से करेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

 | 

मुंबई, 12 अगस्त, (हि.स.)। मराठा नेता मनोज जरांगे ने बुधवार को घोषणा की कि वह मराठा आरक्षण की मांग को लेकर 29 अगस्त से जालना जिले के अंतरवाली सराटी में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।

मनोज जरांगे ने आज सातारा जिले के कराड तहसील के मयानी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मराठा समुदाय के सदस्यों को 58 लाख कुनबी प्रमाण पत्र जारी करने का वादा किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने इस प्रक्रिया में राजनीतिक हस्तक्षेप का भी आरोप लगाया। जरांगे-पाटिल ने कहा, सरकार ने मराठों को 58 लाख प्रमाण पत्र देने का वादा किया था। अब पूरा आरक्षण मिले बिना पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर दबाव डालकर मराठों को कुनबी प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि मराठा समुदाय एकजुट होकर अपनी मांग रखे, तो सरकार कुनबी प्रमाण पत्र रद्द करने जैसा कोई फैसला नहीं ले सकेगी। जरांगे-पाटिल ने समुदाय के लोगों से 29 अगस्त से अंतरवाली सराटी में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। सतारा जिले के दौरे पर पहुंचे जरांगे-पाटिल का मयानी में स्वागत किया गया।

इसके बाद शंकरराव पाटिल सांस्कृतिक भवन में खटाव, मान और फलटन तालुका के मराठा समुदाय के सदस्यों के साथ बैठक हुई। सकल मराठा समाज की मयानी शाखा द्वारा आयोजित सभा में जरांगे-पाटिल ने कुनबी प्रमाण पत्र के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हितों के खिलाफ काम किया है। जरांगे-पाटिल की इस घोषणा से महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक रूप से गरमा गया है। वह लगातार सरकार पर मराठा समुदाय की आरक्षण संबंधी मांगों को पूरा करने का दबाव बना रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव