home page

महाराष्ट्र सरकार ने मराठा आरक्षण संबंधी सभी मांगें मानीं, मनोज जारांगे की भूख हड़ताल खत्म

 | 

मुंबई, 31 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने बीती रात मराठा आरक्षण से संबंधित सभी मांगों को मान लिया है, जिसके बाद मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल ने अपनी एक दिन पुरानी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने मनोज जारांगे की सभी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

मराठा नेता मनोज जारंगे ने शनिवार को सुबह से मराठा समाज की मांगों के समर्थन में जालना जिले के अंतरवाली सराटी में एक दिन की भूख हड़ताल शुरु की थी। शनिवार देर रात करीब एक बजे मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की और विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, विधायक प्रसाद लाड और जालना शहर भाजपा अध्यक्ष किशोर शितोले शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने जारांगे को बहुत देर तक समझाया और जारांगे की हर मांग पूरी किए जाने का आश्वासन दिया। राज्य सरकार ने जारंगे की शिंदे कमेटी को एक साल का एक्सटेंशन देने की मांग भी मान ली। इसके बाद मनोज जारंगे ने भूख हड़ताल वापस ले ली है।

इसके बाद मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि मनोज जरांगे की मांगें मान ली गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हमेशा मराठा समाज के प्रति सकारात्मक रहे हैं। इसलिए मनोज जारंगे की मांगों को जल्द लागू किया जाएगा। विखे पाटिल ने साफ कहा कि इन मांगों को लेकर सरकार की ओर से 2 से 3 दिनों में निर्देश जारी किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव