मनोज जरांगे की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
मुंबई, 15 अगस्त, (हि.स.)। मराठा आरक्षण आंदोलन के प्रमुख नेता मनोज जरांगे पाटिल की तबीयत अचानक बिगडऩे के बाद उन्हें छत्रपति संभाजीनगर के गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उनकी विभिन्न जांचें की जा रही हैं। डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम करने की सलाह दी है।
मराठा आरक्षण से जुड़े एक नेता ने बताया कि मनोज जरांगे पाटिल ने हाल ही में पश्चिमी महाराष्ट्र के पांच जिलों का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने कई बैठकों में हिस्सा लिया और मराठा आरक्षण के मुद्दे पर समाज के विभिन्न लोगों से चर्चा की। लगातार यात्राओं, बैठकों और व्यस्त कार्यक्रम के कारण उनके स्वास्थ्य पर असर पडा़ है। पश्चिमी महाराष्ट्र का दौरा पूरा करने के बाद अंतरवाली सराटी लौटने पर उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। उन्हें पेट में दर्द और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत हुई, जिसके बाद उनके साथियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।
फिलहाल जरांगे पाटिल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके स्वास्थ्य और जांच रिपोर्ट को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।
खास बात यह है कि जरांगे पाटिल ने 29 अगस्त से अंतरवाली सराटी में फिर से आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। ऐसे में अनशन से ठीक पहले उनकी तबीयत बिगडऩे से उनके समर्थकों और मराठा समाज में चिंता बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

