बच्चों को ‘अच्छे और बुरे दोस्तों’ में फर्क समझाना जरूरी : मंगलप्रभात लोढ़ा
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने बुधवार को कहा कि बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के साथ-साथ ‘अच्छे दोस्त’ और ‘बुरे दोस्त’ में फर्क समझाना भी जरूरी है। उन्हें सही दोस्त चुनने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाना चाहिए।
मुंबई विश्वविद्यालय के कलिना परिसर स्थित ग्रीन टेक्नोलॉजी ऑडिटोरियम में ‘ड्रग्स फ्री मुंबई- स्टूडेंट काउंसलिंग सेशन एंड एजुकेशन ट्रेनिंग अंडर सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 30 जुलाई को ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान की शुरुआत की थी। यह अभियान पूरे वर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि नशा शरीर और समाज को खोखला करने वाला कैंसर है। एक बार व्यक्ति नशे की गिरफ्त में आ जाए तो उससे बाहर निकलना बेहद कठिन होता है। इसलिए स्वयं के साथ आने वाली पीढ़ी को भी नशे से बचाने के लिए समय रहते जागरूकता जरूरी है। सही दोस्त चुनना और नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से लडऩा समय की मांग है। लोढ़ा ने कहा कि आज युद्ध की परिभाषा बदल गई है। किसी देश की अर्थव्यवस्था को नकली नोटों के जरिए कमजोर करना या उसकी युवा पीढ़ी को नशे का आदी बनाना भी बड़ी चुनौती है। परिवार का कोई युवा नशे की चपेट में आता है तो उसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है। मुंबई के विकास के साथ शहर को नशामुक्त रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में अभियान के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्कूलों, कॉलेजों, संस्थानों, संगठनों और पुलिस प्रशासन से जुड़े 21 लोगों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने का संकल्प भी लिया।
टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की सहायक प्रोफेसर डॉ. साईगीता चित्तूरू ने विद्यार्थियों को ‘एडोलसेंस’ विषय पर मार्गदर्शन दिया। ब्रह्माकुमारी प्रशांति ने ‘बी स्मार्ट, बी स्ट्रॉन्ग विदिन’ विषय पर बच्चों से संवाद किया। डिवाइन टच इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को सही विकल्प चुनने के तरीके बताए।
इस अवसर पर मुंबई उपनगर जिलाधिकारी सौरभ कटियार, मुंबई विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी, पुलिस अधिकारी, विभिन्न संस्थानों एवं संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

