मनोज जरांगे की वायरल कथित ऑडियो क्लिप की एसआईटी जांच होनी चाहिए: भाजपा
मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील की वायरल कथित ऑडियो क्लिप की विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर गहन जांच कराने की मांग की है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने गुरुवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में असली और फर्जी ऑडियो क्लिप तथा वीडियो के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में इस क्लिप की सत्यता सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अनुरोध किया जाएगा।
बन आज भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार परिषद को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से एआई के जरिए जानी-मानी हस्तियों की आवाजें तैयार करने और फर्जी ऑडियो-वीडियो बनाने के मामले सामने आ रहे हैं। अमिताभ बच्चन, राज कुमार और राज कपूर जैसी हस्तियों की आवाजों की नकल की जा रही है। कुछ समय पहले अजित पवार और शरद पवार की आवाजों की नकल कर लोगों को गुमराह करने का मामला भी सामने आया था। ऐसे में किसी ऑडियो क्लिप या वीडियो को वास्तविक मानने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच करना आवश्यक है।
दरअसल, आज मराठा नेता मनोज जरांगे का कथित ऑडियो क्लिप जारी हुआ है, जिसमें मनोज जरांगे को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे के माध्यम से ५०० करोड़ रुपये देने की बात कही गई है। साथ ही ऑडियो क्लिप में मनोज जरांगे को चुनाव में यूज किए जाने, फेक नैरेटिव सेट किए जाने आदि भी शामिल है। जरांगे ने भी इस क्लिप की गहन छानबीन किए जाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

