मालाड में ई-कॉमर्स फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी, 9 गिरफ्तार
मुंबई, 29 अगस्त (हि.स.)। मलाड वेस्ट स्थित इंस्टा ट्रांसफर बिज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय पर मुंबई पुलिस ने छापेमारी कर ई-कॉमर्स फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी मामले में कंपनी के डायरेक्टर समेत नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मशहूर कूरियर और ई-कॉमर्स कंपनियों की ‘लाइफटाइम पार्सल डिलीवरी फ्रेंचाइजी’ दिलाने के नाम पर नागरिकों से धोखाधड़ी किए जाने के गोपनीय जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच को मिली थी। इसी के आधार पर क्राइम ब्रांच पुलिस की यूनिट-10 ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि कंपनी के मालिक, एचओडी और मैनेजर टेलीकॉलर्स के माध्यम से मुख्य रूप से मुंबई और महाराष्ट्र के बाहर रहने वाले नागरिकों से संपर्क करते थे। उन्हें मशहूर कूरियर और ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ एग्रीमेंट होने का झांसा देकर लाइफटाइम पार्सल डिलीवरी फ्रेंचाइजी देने का लालच दिया जाता था।
आरोपित नागरिकों को भारी रिटर्न का भरोसा देकर उनसे अलग-अलग रकम वसूलते थे। अब तक की जांच में करीब 20 नागरिकों के साथ धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। क्राइम ब्रांच को इस मामले में और भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 105 कंप्यूटर हार्ड डिस्क, 32 लैपटॉप, 30 मोबाइल फोन, 5 टैबलेट और 100 से अधिक फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट सहित अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके साथ भी इस कंपनी के माध्यम से इसी तरह की धोखाधड़ी हुई है, तो वे क्राइम ब्रांच की रूम-10 से संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

