home page

मालाड में बेस्ट बस से कुचलकर एक की मौत

 | 

मुंबई, 04 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के मालाड के पुष्पा पार्क इलाके में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर गुरुवार को सुबह बेस्ट उपक्रम की बस से कुचलकर 50 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना में अन्य कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना की छानबीन कुरार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह बेस्ट उपक्रम की रूट 440 पर चलने वाली और वडाला डिपो से जुड़ी बेस्ट बस अपना निर्धारित चक्कर पूरा करने के बाद डिपो लौट रही थी। उसी समय पुष्पा पार्क इलाके में बेस्ट बस के चालक का नियंत्रण बस से बिगड़ गया। जिससे अनियंत्रित बेस्ट बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में एक अन्य कार के ड्राइवर रामचंद्र निरहू पाल (50) बस की चपेट में आ गया। घायल रामचंद्र पाल को तत्काल घायलावस्था में शताब्दी अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने पाल को मृत घोषित कर दिया। कुरार पुलिस स्टेशन की टीम ने बस ड्राईवर को हिरासत में लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव