home page

नासिक दुष्कर्म मामले के आरोपित खरात की पत्नी धोखाधड़ी मामले में फरार, लुकआउट नोटिस जारी

 | 

मुंबई, 02 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक दुष्कर्म मामले के आरोपित अशोक खरात की पत्नी कल्पना अशोक खरात अहिल्या नगर जिले के शिर्डी पुलिस स्टेशन में दर्ज धोखाधड़ी मामले में फरार हैं। इसलिए शिर्डी पुलिस स्टेशन की टीम ने गुरुवार को कल्पना खरात के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि शिरडी में 4 एकड़ की जमीन की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए जमीन के असली मालिक रावसाहेब गोंडकर ने अशोक खरात, उनकी पत्नी कल्पना खरात, शिरडी के बिचौलिए अरविंद बावके, किरण सोनवणे और अशोक तांबे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। असली जमीन मालिक गोंडकर ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उसने खरात से कर्ज लिया था, लेकिन कर्ज और ब्याज के नाम पर उनकी जमीन धोखाधड़ी कर खरात और उनकी पत्नी ने हड़प ली थी। इसलिए पुलिस ने धोखाधड़ी और साहूकार एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

इस मामले में शिर्डी पुलिस स्टेशन की टीम कल्पना अशोक खरात को मंगलवार को गिरफ्तार करने नासिक स्थित उनके आवास पर गई थी, लेकिन कल्पना खरात वहां से फरार हो गई थीं। तब से पुलिस कल्पना खरात को तलाश रही है और कल्पना खरात पर विदेश भागने का भी शक है। इसका कारण इससे पहले आरोपित अशोक खरात ने भी विदेश भागने की कोशिश की थी, जिससे अशोक खरात के विरुद्ध भी लुकआउट नोटिस जारी किया था और अशोक खरात को गिरफ्तार किया जा सका है। इसी वजह आज उनकी पत्नी कल्पना खरात के विरुद्ध भी लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव