अनाथ एवं दिव्यांग बालिकाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने राज्यपाल को बांधी राखी
मुंबई, 26 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा को बुधवार को लोकभवन में रक्षाबंधन के अवसर पर अनाथ एवं दिव्यांग बालिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य स्वयंसेविकाओं और महिला सफाई कर्मचारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं ने राखी बांधी। राज्यपाल ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उपहार भेंट किए।
लोकभवन के प्रवक्ता के अनुसार दिवंगत सिंधुताई सपकाल द्वारा पुणे जिले के पुरंदर में अनाथ एवं गरीब बालिकाओं के लिए शुरू किए गए ममता बाल सदन की अनाथ बालिकाओं ने राज्यपाल को राखी बांधी। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष दीपक गायकवाड़ और संपर्क अधिकारी मुकेश चौधरी उपस्थित थे।
मुंबई नगर निगम के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग की महिला कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य स्वयंसेविकाओं ने भी राज्यपाल को राखी बांधी। पालघर जिले के ‘सेवा विवेक’ ग्राम विकास केंद्र के माध्यम से बांस उत्पादों से स्वरोजगार कर रहीं आदिवासी महिलाओं ने राज्यपाल को पर्यावरण अनुकूल राखी बांधी। इस अवसर पर संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लुकेश बंड उपस्थित थे।
ब्रह्माकुमारी संस्था के नेपियन सी रोड केंद्र की प्रमुख ब्रह्माकुमारी रुक्मिणी सहित संस्था के सदस्यों ने भी राज्यपाल को राखी बांधी और उन्हें आध्यात्मिक संदेश दिया। आर्य समाज, माटुंगा की छात्राओं ने भी रक्षाबंधन के अवसर पर राज्यपाल को राखी बांधी। दृष्टिबाधित व्यक्तियों की शिक्षा, रोजगार और पुनर्वास के क्षेत्र में कार्यरत नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड की दृष्टिबाधित बालिकाओं ने भी राज्यपाल को राखी बांधी। संस्था की कार्यकारी निदेशक पल्लवी कदम उपस्थित थीं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि रक्षाबंधन समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधने वाला पवित्र पर्व है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही महिलाओं और बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें प्रसन्नता हुई।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

