home page

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने प्रिंस रहीम आगा खान पंचम का किया स्वागत

 | 

-राज्यपाल ने महाराष्ट्र में आजीविका विकास के लिए आगा खान नेटवर्क से की सहयोग की अपील

मुंबई, 13 सितंबर (हि.स.)। मुंबई स्थित लोकभवन में रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शिया इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें इमाम और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) के अध्यक्ष प्रिंस रहीम आगा खान पंचम का स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच शिक्षा, पर्यावरण, जलवायु कार्रवाई और आजीविका विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

राज्यपाल ने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क से महाराष्ट्र के आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका विकास के लिए भी सहयोग की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यावरण, जलवायु कार्रवाई और आजीविका विकास के क्षेत्रों में साझेदारी से राज्य की जनता को दीर्घकालीन और सार्थक लाभ मिल सकता है।

प्रिंस रहीम आगा खान ने बताया कि आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क ने हजारों स्थानों पर ‘सूक्ष्म वन’ विकसित करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई से जुड़े विषयों पर महाराष्ट्र के विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग करने में नेटवर्क को प्रसन्नता होगी।

उन्होंने जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि नेटवर्क भारत के कई शहरों के लिए जलवायु कार्रवाई योजनाओं पर काम कर रहा है। महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों और नगरों में नवीन शीतलन उपाय भी लागू किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय समुदायों को लाभ मिला है।

प्रिंस रहीम आगा खान ने राज्यपाल को बताया कि पुणे, मीरा-भायंदर और चंद्रपुर समेत महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में जलवायु कार्रवाई, उत्सर्जन में कमी और शीतलन उपायों के क्षेत्र में काम किया जा रहा है। वहीं, वसई क्षेत्र में तालाबों और अन्य जलस्रोतों के पुनरुद्धार के लिए भी नेटवर्क की ओर से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिली है।

इस अवसर पर उन्होंने हैदराबाद स्थित आगा खान अकादमी के साथ-साथ संगीत और साहित्य के क्षेत्र में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क की ओर से संचालित विभिन्न पहलों की भी राज्यपाल को जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने प्रिंस रहीम आगा खान को एक विशेष फोटो एलबम भेंट किया। इसमें उनके दिवंगत पिता प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ और उनकी माताजी के पिछले करीब 50 वर्षों के दौरान महाराष्ट्र लोकभवन और तत्कालीन राजभवन में विभिन्न राज्यपालों के साथ हुए कार्यक्रमों के छायाचित्र शामिल थे।

अपने दिवंगत पिता से जुड़ी राजभवन की स्मृतियों और तस्वीरों को देखकर प्रिंस रहीम आगा खान भावुक हो गए। उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “यह वास्तव में भावुक कर देने वाला है। अद्भुत!”----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव