home page

लोकभवन में 103 पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक प्रदान

 | 

मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने लोकभवन में आयोजित पुलिस अलंकरण समारोह में 103 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को राष्ट्रपति द्वारा घोषित विभिन्न पुलिस पदक प्रदान किए। इनमें पुलिस शौर्य पदक, शौर्य पदक, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक शामिल हैं।

महाराष्ट्र लोकभवन के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि इस समारोह में वर्ष 2022 और 2023 के स्वतंत्रता दिवस तथा वर्ष 2023 और 2024 के गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित पदक प्रदान किए गए। इस दौरान दो अधिकारियों एवं जवानों को पुलिस शौर्य पदक (पीएमजी), 18 को शौर्य पदक (जीएम), तीन अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएम), चार को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीएसएम), 40 को पुलिस पदक (पीएम) और 36 को सराहनीय सेवा पदक (एमएसएम) से सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में मीरा-भायंदर, वसई-विरार के पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, पिंपरी-चिंचवड़ के पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे, अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) प्रवीण सालुंके, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) मधुकर पांडेय, विशेष पुलिस महानिरीक्षक (वीआईपी सुरक्षा) प्रवीण कुमार पडवल और विशेष पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण एवं विशेष दस्ते) निशिथ मिश्रा शामिल रहे।

इस समारोह में गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) डॉ. पंकज भोयर, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, अपर पुलिस महानिदेशक (आतंकवाद निरोधक दस्ता) नवल बजाज सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पदक विजेता और उनके परिजन उपस्थित थे। समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और महाराष्ट्र राज्य गीत के गायन से हुई। समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव