home page

मुंबई में चलती ट्रेन में धक्का लगने से गिरकर यात्री की मौत, आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 20 अगस्त (हि.स.)। मुंबई में बांद्रा और माहिम के बीच चलती लोकल ट्रेन में गुरुवार को दोपहर में धक्का लगने से गिरकर एक 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही बांद्रा सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की छानबीन जीआरपी कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर में करीब 1.24 बजे चर्चगेट-बोरीवली स्लो लोकल में सवार यात्रियों के बीच हुए मामूली विवाद की वजह सेे एक व्यक्ति ने दूसरे को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे दूसरा यात्री माहिम और बांद्रा स्टेशन के बीच गिर गया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर अरुण कुमार पांडे रेलवे कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हें एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर रूप से घायल और बेहोश हालत में मिला। उसे दोपहर करीब 2.45 बजे इलाज के लिए बांद्रा पश्चिम स्थित भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सांताक्रूज ईस्ट निवासी केजिटन पॉल डेनिस पिरिस (62) के रूप में हुई है। इस मामले में जीआरपी ने 48 वर्षीय अमजद सफरुद्दीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव