home page

पुणे में तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन

 | 

मुंबई, 12 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र और देशभर के युवाओं को खेल, नवाचार, तकनीक, उद्यमिता और संस्कृति के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुणे में तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव ‘डेवलप्ड इंडिया यूथ कॉन्क्लेव-2026’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि यह कॉन्क्लेव देशभर के युवाओं को एक साथ जोडऩे वाली महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को वर्षा स्थित उनके सरकारी आवास पर खेल एवं युवा सेवा निदेशालय की बैठक हुई। बैठक में उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप-मुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव ओ.पी. गुप्ता, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रणजीतसिंह देओल, खेल एवं युवा सेवा निदेशालय के आयुक्त दीपक सिंघला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बैठक के बाद बताया कि पुणे के बालेवाड़ी स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवा भाग लेंगे। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से लगभग 30 से 35 प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। सम्मेलन में करीब 1,000 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे, जिनमें महाराष्ट्र के 300 और अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 700 प्रतिनिधि होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को महोत्सव की व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्यभर से एक लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव