कोंकण का पानी मराठवाड़ा को सूखा-मुक्त करेगा : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई, 17 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को संभाजीनगर जिले में कहा कि कृष्णा खोरे और कोंकण से बहने वाला पानी मराठवाड़ा में लाया जाएगा और क्षेत्र को सूखा-मुक्त बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मराठवाड़ा ने कभी आजादी के लिए संघर्ष किया था और अब वह सूखे के संकट से लड़ रहा है। इस वर्ष भारी बारिश के कारण भी किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे कठिन समय में सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री आज मराठवाड़ा मुक्तिसंग्राम दिवस के अवसर पर छत्रपति संभाजीनगर के सिद्धार्थ उद्यान में आयोजित मुख्य सरकारी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि मराठवाड़ा अनेक लोगों के बलिदान के कारण आजाद हुआ। उस समय लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने निर्णायक संघर्ष किया और उसके परिणामस्वरूप मराठवाड़ा को निजामशाही के अत्याचारों से मुक्ति मिली। उस दौर में अत्याचार चरम पर था। स्वतंत्रता सेनानियों ने मराठवाड़ा को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए बड़ा संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने सभी स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मराठवाड़ा का संघर्ष आज भी जारी है। पिछले कई वर्षों से क्षेत्र विकास के लिए संघर्ष कर रहा है और सूखे का संकट लगातार बना हुआ है। उन्हाेंने कहा कि मराठवाड़ा की वर्तमान पीढ़ी ने सूखा देखा है, लेकिन सरकार ने संकल्प लिया है कि अगली पीढ़ी को सूखे का सामना नहीं करना पड़े। इसी दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। कृष्णा खोरे से भीमा खोरे के रास्ते मराठवाड़ा में अतिरिक्त 30 टीएमसी पानी लाने का काम शुरू किया जा रहा है। इससे धाराशिव, बीड और लातूर क्षेत्रों को पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि उल्हास खोरे और कोंकण से गोदावरी खोरे में पानी लाने तथा नदी-जोड़ परियोजना के माध्यम से मराठवाड़े तक पानी पहुंचाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार उल्हास खोरे से गोदावरी खोरे में करीब 70 टीएमसी पानी लाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विभिन्न चरणों में यह काम लगभग सात वर्षों में पूरा किया जाएगा। इससे मराठवाड़ा को स्थायी रूप से सूखे के संकट से बाहर निकालने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री तथा जिले के पालकमंत्री संजय शिरसाट, महापौर समीर राजुरकर, विभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत, जिलाधिकारी विनय गौड़ा जी.सी., मनपा आयुक्त अमोल येडगे, पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे, इम्तियाज जलील सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति, स्वतंत्रता सेनानी, उनके परिजन, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

