कोल्हापुर में दिनदहाड़े फायरिंग में एक की मौत
मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। कोल्हापुर जिले के जयसिंहपुर क्षेत्र के दानोली गांव में सोमवार को हुई दिनदहाड़े फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। इस घटना की छानबीन जयसिंहपुर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतक की पहचान महेश दलवी के रुप में की गई है। महेश दलवी आज दोपहर में दानोली गांव में अपने घर के पास चहलकदमी कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने महेश दलवी पर फायरिंग कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची लेकिन दलवी की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दलवी का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की ओर से हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

