कोल्हापुर में पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही ड्रग फैक्टरी पर पुलिस का छापा, ९ गिरफ्तार
मुंबई, 23 अगस्त (हि.स.)। कोल्हापुर के हजगोली गांव में बीती रात पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने फोटो कोल्डसकर नाम के एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही ड्रग फैक्टरी पर छापा मारकर करीब ५० करोड़ रुपये का एमडी ड्रग जब्त किया है। इस मामले में पुलिस टीम ने पोल्ट्री फार्म के मालिक सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया और मामले की छानबीन कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि हजगोली गांव में ड्रग फैक्टरी चलने की गोपनीय जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ शुक्रवार को सादे कपड़ों में छानबीन की थी। सारी जानकारी इकठ्ठा करने के बाद शनिवार रात को स्थानीय पुलिस के सहयोग से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने छापा मारा करीब ५० करोड़ कीमत का एमडी ड्रग, रसायन जब्त किया। इसके बाद इस कंपनी में तोडफ़ोड़ कर पूरी फैक्टरी को नष्ट कर दिया।
इस ऑपरेशन में पुलिस ने पोल्ट्री मालिक, चार स्थानीय लोगों, मुंबई के तीन और बेलगाम के दो लोगों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है । देर रात तक ऑपरेशन चल रहा था। गिरफ्तार लोगों में पोल्ट्री मालिक पप्पू विट्ठल मालतवडकर, संतोष सदानंद बसरीकट्टी, किरण अशोक शिंदे और रोहित शिंदे की पहचान की जा चुकी है, अन्य की पहचान का काम जारी है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

