महाराष्ट्र में बांग्लादेशी नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में डालने की साजिश : किरीट सोमैया
मुंबई, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने महाराष्ट्र की कई विधानसभा क्षेत्रों में बांग्लादेशी नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में डालने की साजिश की जा रही है। सोमैया ने इस साजिश को रोकने की मांग चुनाव आयोग से की है।
पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि चिखली विधानसभा क्षेत्र से 20 हज़ार और धुले विधानसभा क्षेत्र से 22 हज़ार नाम बांग्लादेशी नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में डाले गए हैं। इसके साथ ही धुले, मालेगांव, मुंब्रा, संभाजीनगर ईस्ट, अकोला वेस्ट, अमरावती, मालवणी मलाड, सिल्लोड, भिवंडी, रावेर, चिखली समेत 30 विधानसभा क्षेत्रों में नकली डॉक्यूमेंट जमा करके बांग्लादेशियों के नाम वोटर लिस्ट में डाले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस बारे में हमने मुख्य चुनाव ऑफिसर एस. चोकालिंगम से मुलाकात की है और उन्हें सबूत दिए हैं। उन्होंने इन विधान सभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया है और चुनाव अधिकारियों से इन मतदाता सूचियों को सही करने की भी मांग की है। इस अवसर पर भाजपा विधायक अनूप अग्रवाल भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

