home page

कुर्ला के प्रमोद महाजन गार्डन में मारपीट के बाद कथित अवैध मदरसे का मुद्दा उठा

 | 

- भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने बीएमसी से की जांच और कार्रवाई की मांग

मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। मुंबई के कुर्ला स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में मारपीट की घटना के बाद कथित अवैध मदरसे का मुद्दा सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने इस मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एल वार्ड के सहायक आयुक्त अनिल जाधव को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

सोमैया ने 23 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में 20 नवंबर को प्रमोद महाजन गार्डन में हुई मारपीट की घटना का उल्लेख किया है। उन्होंने इस मामले में एफआईआर दर्ज होने का हवाला देते हुए दावा किया है कि आठ मुस्लिम युवकों ने सौरभ और नेहा के साथ मारपीट की थी।

सोमैया का आरोप है कि गार्डन के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अवैध रूप से रास्ता बनाया गया है। इसी रास्ते से युवक गार्डन में दाखिल हुए थे। उन्होंने यह भी दावा किया है कि ये युवक गार्डन से सटे एक कथित अनधिकृत मदरसे से आए थे।

सोमैया ने बीएमसी से संबंधित मदरसे के निर्माण और उसकी वैधता की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने गार्डन की दीवार तोड़कर बनाए गए रास्ते और प्रवेश द्वार की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी