home page

खार हादसा: पूर्व सांसद सुधीर सावंत के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 30 सितंबर (हि.स.)। मुंबई के खार पश्चिम इलाके में हुए एक सडक़ हादसे में बुधवार को खार पुलिस स्टेशन ने पूर्व सांसद और सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर सुधीर सावंत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले की गहन छानबीन खार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि २८ सितंबर को खार के सीडी रोड और 16वीं रोड के जंक्शन पर सावंत की अर्टिगा कार ने आगे चल रहे दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद बाइक सवार 41 वर्षीय बीएमसी कर्मचारी अय्यप्पन सेल्वराज हरिजन और उनकी की पत्नी नैन्सी हरिजन (37) कार के नीचे फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने कार को उठाकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान अयप्पन की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है। इस घटना में पूर्व सांसद भी घायल हो गए थे और उन्हें भी इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसी मामले में आज पूर्व सांसद सावंत के खिलाफ खार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया है। बता दें कि सुधीर सावंत १९९१ से १९९६ तक राजापुर संसदीय सीट से कांग्रेस टिकट पर सांसद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव