पुणे में केतन अग्रवाल हत्या मामले में उज्ज्वल निकम सरकारी वकील नियुक्त
मुंबई, 17 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले में लोहगढ़ किले पर हुए केतन अग्रवाल हत्या मामले में शनिवार को राज्य सरकार ने उज्ज्वल निकम को सरकारी वकील के रूप में नियुक्त किया है। इस मामले में मृतक केतन के परिवार ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त किया है। परिवार को उम्मीद है कि इस नियुक्ति से मामले की सुनवाई में तेजी आएगी और उनके बेटे को न्याय मिलेगा।
केतन अग्रवाल के पिता ने पहले इस मामले में उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने की मांग की थी। अब उनकी नियुक्ति के बाद परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच के बाद अदालत में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई है। इसमें जांच से जुड़े तथ्यों के साथ-साथ घटना से पहले और बाद में की गई डिजिटल सर्च से संबंधित जानकारियां भी शामिल हैं।
दरअसल पुणे जिले के लोहगढ़ किले पर केतन अग्रवाल की हत्या कर दी गई थी। केतन शव दूसरे दिन लोहगढ़ किले पर पुलिस ने बरामद किया था। इसके बाद इस मामले की जांच शुरु की गई थी। केतन के परिवार ने इस मामले में सरकारी वकील के तौर पर वकील उज्ज्वल निकम की मांग की थी, जिसे आज राज्य सरकार ने स्वीकार करते हुए उज्ज्वल निकम को इस मामले में सरकारी वकील नियुक्त कर दिया है। उज्ज्वल निकम की नियुक्ति को केतन अग्रवाल के परिवार के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परिवार को उम्मीद है कि मामले की प्रभावी पैरवी होगी और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

