प्रभाकर नारकर बने महाराष्ट्र जनता दल (से) के कार्यकारी अध्यक्ष, सुरेंद्र वाजपेई को मुंबई अध्यक्ष की कमान
मुंबई, 08 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ पत्रकार प्रभाकर नारकर महाराष्ट्र जनता दल (सेक्युलर) के कार्यकारी अध्यक्ष और सुरेंद्र कुमार वाजपेई मुंबई जनता दल के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इन दोनों की नियुक्ति जनता दल (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की सलाह पर, महाराष्ट्र प्रदेश जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष नाथाभाऊ शेवाले ने की है।
प्रदेश अध्यक्ष नाथाभाऊ शेवाले ने बुधवार को बताया कि इन दोनों नेताओं को महाराष्ट्र में जनता दल (से) को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए की गई है। दोनों जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं और पार्टी को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
सुरेंद्र बाजपेयी ने कहा कि मैं मुंबई शहर के समग्र उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। हमारा ध्यान आम आदमी को प्रभावित करने वाले मुख्य शहरी मुद्दों को हल करने पर होगा। हमारा लक्ष्य मुंबई के स्थापित राजनीतिक दलों के विकल्प के रूप में जनता दल (से) को एक मजबूत विकल्प के रूप में पेश करना है। बाजपेयी के साथ ही हाजी सलीम भट्टी को मुंबई जेडी(एस) का प्रभारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

