home page

मनोज जरांगे ऑडियो क्लिप की गहन छानबीन की जाएगी: मुख्यमंत्री

 | 

मुंबई, 23 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि मनोज जरांगे की ओर से मीडिया को दी गई 500 करोड़ रुपये से संबंधित ऑडियो क्लिप की गहन छानबीन की जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों को बताया कि 'ढाई साल बाद ऑडियो क्लिप सामने आई है। इसके पीछे क्या साजिश है? इसकी जांच की जाएगी। हम सभी के मन में यह सवाल है कि ढाई साल बाद इस ऑडियो क्लिप के सामने आने का मकसद क्या है? किसे टारगेट किया जा रहा है? यह किस मकसद से किया जा रहा है? इस क्लिप की जांच की मांग खुद मराठा नेता मनोज जरांगे ने की है। साथ ही भाजपा और शिवसेना शिंदे समूह की ओर से भी इस ऑडियो क्लिप की जांच की मांग की गई है। इसे देखते हुए हम इस बारे में पूरी जांच करके सच सामने लाएंगे।'

दरअसल, मराठा नेता मनोज जरांगे ने 500 करोड़ रुपये संबंधित ऑडियो क्लिप की जानकारी पत्रकार वार्ता में दी। इस ऑडियो क्लिप में शिवसेना शिंदे समूह के अध्यक्ष उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे सांसद श्रीकांत शिंदे के माध्यम से मनोज जरांगे को 500 करोड़ रुपये दिए जाने की चर्चा की जा रही है। इस ऑडियो क्लिप के बाद आज सुबह शिवसेना शिंदे समूह के नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर इस ऑडियो क्लिप की गहन छानबीन करने की मांग की थी।

मुख्यमंत्री की ओर से इस मामले की एसआईटी जांच की घोषणा किए जाने के बाद शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने सवाल खड़ा किया है। संजय राऊत ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री की एसआईटी जांच की घोषणा का कोई अर्थ नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले मुख्यमंत्री १७२ एसआईटी गठित कर जांच की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन किसी का नतीजा नहीं निकला है। इस मामले को भी एसआईटी जांच की घोषणा के नाम पर रफा दफा करने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव