कलंबा के जेलर पर जानलेवा हमला करने के मामले में छह कैदियों पर मुकदमा दर्ज
मुंबई, 17 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के कोल्हापुर के कलंबा जेल में सजा भुगत रहे छह कैदियों पर जेल अधिकारी पर जानलेवा हमला करने का मामला जूना राजावाड़ा पुलिस स्टेशन में गुरुवार को दर्ज किया गया है।
इस हमले में घायल जेल अधिकारी प्रकाश फुन्नू चव्हाण (50) का इलाज जारी है। जूना राजावाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की गहन छानबीन कर रही है। उधर कलंबा जेल प्रशासन इन कैदियों को अन्य जेल में शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रकाश चव्हाण कलंबा जेल में सीनियर जेल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। जेल के सर्कल नंबर-1 की बैरक नंबर 3 और 4 में कुछ कैदी १३ सितंबर को हंगामा कर रहे थे। कैदियों के जोर-जोर से चिल्लाने की जानकारी मिलने पर चव्हाण मौके पर पहुंचे और उन्हें हंगामा न करने तथा जेल का अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी।
इसी बात से नाराज छह कैदी बुधवार को सीधे चव्हाण के ऑफिस में घुस गए। इन कैदियों ने चव्हाण को गालियां दीं और लात-घूंसों से मारपीट की। हमले के दौरान एक कैदी ने चव्हाण के सिर पर पत्थर से हमला करने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए चव्हाण ने अपना बायां हाथ ऊपर कर लिया। इसी दौरान पत्थर उनके हाथ पर लगा और वे घायल हो गए। इस घटना में हमला करने वाले कैदियों की पहचान अल्ताफ शरीफ, भरत राजू शेट्टी, विनायक संभाजी चौगुले, आशुतोष संतोष वरताले, आदम मोहम्मद मुजावर और शाहिद मंसूर के रुप में की गई है।
इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित छह कैदियों को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद कैदियों को अमरावती, नागपुर या यरवदा जेल में स्थानांतरित किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

