home page

महाराष्ट्र में निवेशकों के लिए बेहतर माहौल: मुख्यमंत्री

 | 
महाराष्ट्र में निवेशकों के लिए बेहतर माहौल: मुख्यमंत्री


मुंबई, 18 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि महाराष्ट्र में निवेशकों के लिए बेहतर माहौल है। यहां भविष्य के विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) रिसर्च एंड डेवलपमेंट, डेटा सेंटर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और आधुनिक बुनियादी ढांचे का मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री फडणवीस मुंबई के होटल ललित में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर, उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप आचार्य, कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रशांत कृष्णन, उपासना अरोड़ा और अवनीश अवस्थी सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच साझेदारी 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारियों में से एक है। इसके अगले चरण में रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करना होगा और महाराष्ट्र इस प्रक्रिया के केंद्र में रहेगा। उन्होंने कहा कि इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सम्मेलन के लिए ‘भारत-अमेरिका व्यापक रणनीतिक साझेदारी को फिर से आकार देना’ विषय चुना है, जो दोनों देशों के बीच निवेश, अनुसंधान, विनिर्माण और विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र करीब 660 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था है और पिछले सात वर्षों से 10.2 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। राज्य की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 27 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था विविधतापूर्ण है और विनिर्माण से लेकर मनोरंजन क्षेत्र तक राज्य की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तेजी से बदलती प्रौद्योगिकी भारत-अमेरिका साझेदारी को नया स्वरूप दे रही है। दोनों पक्ष ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, नए डेटा सेंटर और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के क्षेत्र में सहयोग बढ़ा सकते हैं।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध मजबूत हैं और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों की साझेदारी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दोनों देशों को आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंधों में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया।

सम्मेलन में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप आचार्य, उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, वेस्टर्न इंडिया काउंसिल के क्षेत्रीय अध्यक्ष राघवेंद्र पोंक्षे और साउथ रीजन के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव