टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में घायल राहगीर की हालत स्थिर, केईएम अस्पताल के आईसीयू में चल रहा इलाज
मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के दौरान गोली लगने से घायल राहगीर उमेश चौहान का इलाज केईएम अस्पताल में हो रहा है और उसकी हालत स्थिर है। अस्पताल प्रशासन ने सोमवार को बताया कि उनका इमरजेंसी आईसीयू में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। इस मामले की गहन छानबीन मुंबई पुलिस कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात जुहू स्थित पुष्पा पार्क के बाहर टाइगर श्रॉफ पर तीन बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस दौरान वहां मौजूद उमेश चौहान को गोली लग गई। उन्हें पहले जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर की गई। इसके बाद बेहतर इलाज और आगे की जांच के लिए उन्हें आधी रात के आसपास केईएम अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, गोली लगने से उनके दिल या फेफड़ों को नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल जनरल सर्जरी विभाग के इमरजेंसी आईसीयू में उनका इलाज किया जा रहा है। कार्डियोवैस्कुलर और थोरेसिक सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ भी उनकी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज फिलहाल ‘हेमोडायनामिकली स्टेबल’ हैं। इसका अर्थ है कि उनका रक्त संचार और रक्तचाप सहित महत्वपूर्ण शारीरिक संकेत स्थिर हैं। डॉक्टर फिलहाल बिना सर्जरी के उनका इलाज कर रहे हैं। आगे की जांच और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर उपचार की अगली प्रक्रिया तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

