home page

आईओएए में चार स्वर्ण और एक रजत जीतने वाली भारतीय टीम का हुआ सम्मान

 | 

मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। वियतनाम के हनोई में 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित 19वें इंटरनेशनल ओलंपियाड ऑन एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स (आईओएए) में चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का मंगलवार को मुंबई में सम्मान किया गया। होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (एचबीसीएसई), टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर), मानखुर्द में आयोजित कार्यक्रम में पदक विजेता छात्रों ने प्रतियोगिता के अपने अनुभव साझा किए।

तेलंगाना के प्रांजल दीक्षित, दिल्ली के सुमंत गुप्ता तथा हरियाणा के अक्षत श्रीवास्तव और अर्नव सहरावत ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि गुजरात के हर्षिल पटेल ने रजत पदक हासिल किया। भारतीय टीम के सभी पांच सदस्यों ने पदक जीतकर 100 प्रतिशत सफलता दर्ज की।

कार्यक्रम में भारतीय टीम के मेंटर्स प्रो. भास्वती मुखर्जी (टीआईएफआर, मुंबई) और प्रो. सामवेद कोलेकर (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स, बेंगलुरु) भी मौजूद रहे। छात्रों और मेंटर्स के साथ आयोजित अनौपचारिक संवाद में छात्रों ने प्रतियोगिता की चुनौतियों, अपनी तैयारियों और व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया। एचबीसीएसई -टीआईएफआर के निदेशक प्रो. अर्नब भट्टाचार्य ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि अब प्रतियोगिता और परीक्षा का तनाव समाप्त हो चुका है, इसलिए छात्रों को अपनी इस उपलब्धि का भरपूर आनंद लेना चाहिए। भारतीय टीम ने वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास के प्रति भी आभार जताया। भारत लौटने से पहले दूतावास ने पदक विजेताओं के सम्मान में विशेष समारोह किया था।

एचबीसीएसई-टीआईएफआर के प्रो. अनिकेत सुले वर्तमान में आईओएए का आयोजन करने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठन के अध्यक्ष हैं। भारत ने 2025 में मुंबई में आईओएए की मेजबानी की थी। प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन आयोजन और उच्च शैक्षणिक मानकों के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भारत की सराहना की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव