home page

आत्मनिर्भरता की ओर भारत का बढ़ता सफऱ : फडणवीस

 | 

मुंबई, 25 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि भारत वर्ष निरंतर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बारह साल पहले जो देश याचक की भूमिका में था, वह अब मोदी सरकार के बारह साल के कार्यकाल के बाद दुनिया के सामने गर्व से खड़ा है।

मुख्यमंत्री फडणवीस मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारह साल के कार्यकाल को पूरा होने पर 'राष्ट्र निर्माण तपपूर्ति' नामक पुस्तक के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, नरेंद्र मोदी कल प्रधानमंत्री के रूप में अपनी शपथ के बारह वर्ष पूरे करेंगे। इस अवधि के दौरान गरीबों को घर और शौचालय प्रदान करने जैसे गरीब-केंद्रित प्रशासन को लागू किया गया। इसके कारण, संयुक्त राष्ट्र ने अपनी रिपोर्ट में दस वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने के लिए भारत की प्रशंसा की। एक अर्थव्यवस्था के रूप में भारत द्वारा की गई प्रगति आश्चर्यजनक है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की यह ग्रोथ मोदी द्वारा देश की अर्थव्यवस्था में लाए गए बदलावों के कारण संभव हुई है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को एक अलग दिशा कैसे दी जाए, भारत को दुनिया का सबसे अच्छा देश कैसे बनाया जाए, इस नजरिए से जो कुछ भी कर सकते थे, करने की कोशिश की। उन्होंने पूरे देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया। उन्होंने इस दौरान देश में पारदर्शी शासन कैसे हो, इस पर ध्यान दिया और पार्लियामेंट से लेकर पंचायत तक पूरे सिस्टम पर ध्यान दिया। उनकी वजह से सरकार की योजनाएं समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उनकी कई योजनाएं इतनी बड़ी हैं कि उन्हें एक किताब में पेश नहीं किया जा सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव