home page

महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

 | 

मुंबई, 03 अगस्त(हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को महाराष्ट्र में अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके चलते राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने संभावित जिलों को सतर्क रहने का निर्देश जारी किया है। एहतियात के तौर पर कुछ जिलों में स्कूलों में छुट्टी भी घोषित की गई है।

मौसम विभाग ने आज कोंकण तट और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, विदर्भ के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इसके पीछे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र को प्रमुख कारण माना जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह प्रणाली दक्षिण-पश्चिम मानसून की हवाओं को मजबूत करेगी, जिससे राज्यभर में व्यापक और तेज बारिश होने की संभावना बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार जून महीने में महाराष्ट्र में सामान्य से केवल 53 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई थी, जबकि राज्य में कुल मिलाकर 40 से 50 प्रतिशत तक बारिश की कमी रह गई थी। अब नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग ने विशेष रूप से निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव