आईआईटी बॉम्बे मामला: 72 वर्षीय व्यक्ति पर कथित जातिवादी टिप्पणी का मामला दर्ज
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के पवई स्थित वन विहार गेस्ट हाउस में रहने वाले 72 वर्षीय श्याम कचोलिया के खिलाफ डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और संविधान को लेकर कथित आपत्तिजनक एवं जातिवादी टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना की छानबीन पवई पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि कचोलिया गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 315 में ठहरे हुए थे। आरोप है कि गेस्ट हाउस के रिसेप्शन पर कैंपस में चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर चर्चा के दौरान उन्होंने संविधान और डॉ. अंबेडकर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पुलिस ने कचोलिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 299 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(ह्व) और 3(1)(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। आईआईटी बॉम्बे के अंबेडकर पेरियार फुले स्टडी सर्कल ने 6 अक्टूबर को यह वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स पर साझा करते हुए आरोप लगाया कि गेस्ट हाउस में रहने वाले व्यक्ति ने जातिवादी भाषा का इस्तेमाल किया। संगठन ने टिप्पणी की निंदा करते हुए संस्थान से अधिकारियों की जांच में सहयोग करने की मांग की है।
यह मामला आईआईटी बॉम्बे के 20 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की 18 सितंबर को हुई मौत के बाद चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच सामने आया है। वाकोडे के परिवार ने जाति आधारित भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। क्राइम ब्रांच ने आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे और प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला समेत संस्थान के अधिकारियों के बयान दर्ज किए हैं। दोनों ने जाति आधारित भेदभाव के आरोपों से इनकार किया है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

