home page

आग्रीपाड़ा में पत्नी की हत्या के बाद पति ने किया आत्महत्या का प्रयास, इलाज के दौरान मौत

 | 

मुंबई, 04 सितंबर (हि.स.)। आग्रीपाड़ा इलाके में शुक्रवार को सुबह एक 19 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और बाद में खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक की नायर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। इस घटना की छानबीन आग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में मृतक युवक की पहचान मोहम्मद एहसान शेख के रूप में हुई है, जबकि उसकी पत्नी का नाम जन्नत एहसान शेख बताया गया है। दोनों दिहाड़ी मजदूर थे। आज सुबह किसी घरेलू विवाद के बाद एहसान ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद के गले पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल एहसान को उपचार के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद आग्रीपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि युवक की मौत के संबंध में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका है। हालांकि, हत्या और आत्महत्या के वास्तविक कारण का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव