home page

हिंगोली में पटाखों के गोदाम में भीषण आग से दो की मौत, 12 घायल

 | 

मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के हिंगोली शहर के भीड़भाड़ वाले मारवाड़ी गली इलाके में बीती रात पटाखों के गोदाम में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक घायल अग्निशमन कर्मी को बेहतर उपचार के लिए लातूर रेफर किया गया है। इस घटना की छानबीन हिंगोली पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि बीती रात हिंगोली शहर के मारवाड़ी गली में स्थित पटाखों के गोदाम में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे पटाखे एक के बाद एक फटने लगे। लगातार हो रहे धमाकों और आग की ऊंची लपटों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर घरों से बाहर निकल आए।

इस घटना की सूचना मिलते ही हिंगोली जिला अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

पटाखों के लगातार हो रहे विस्फोट के बीच बचाव अभियान चलाने के दौरान अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई। इस दौरान एक फायरफाइटर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए लातूर भेजा गया है। काफी मशक्कत के मंगलवार को सुबह बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घनी आबादी वाले इलाके में बड़ी मात्रा में पटाखों के भंडारण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव