हिंगोली में दो वाहनों की टक्कर में पुलिस कर्मी की मौत
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में हिवरा गांव के पास बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में 50 वर्षीय पुलिस कर्मी की मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी मिलते ही औंधा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मी का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की छानबीन पुलिस कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी श्यामराव डोंगरे ने बताया कि इस घटना में मृतक की पहचान मुरलीधर जाधव के रूप में हुई है। वह हिंगोली तहसील के बसम्बा पुलिस स्टेशन में तैनात थे। जाधव औंधा में रविवार रात को अपनी बंदोबस्त ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से बसम्बा गांव लौट रहे थे। हिवरा गांव के पास पहुंचने पर उनकी मोटरसाइकिल सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस घटना में जाधव को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

