अमरावती अस्पताल हादसे की उच्चस्तीय जांच की जाएगी : मुख्यमंत्री
मृतक नवजात बच्चों के परिवार वालों को ५-५ लाख रुपये की मदद का ऐलान
मुंबई, 24 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई में कहा कि अमरावती के जिला महिला अस्पताल में आग लगने से तीन बच्चों की मौत की घटना बहुत दुखद और दिल दहला देने वाली है। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। मृतक नवजाताें के परिवारों को राज्य सरकार की तरफ से 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन को इस घटना की हाई-लेवल जांच करने का आदेश दिया गया है। इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री और सचिव दोनों को आज अमरावती आने के लिए कहा गया है। मृतकों के परिवारों को राज्य सरकार की तरफ से 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। अमरावती जिला अधिकारी को भी घायल बच्चों का इलाज सरकारी खर्चे पर कराने के निर्देश दिए गए हैं। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में 36 बच्चों को बचा लिया गया।
आज तडक़े अमरावती जिले में स्थित जिला महिला अस्पताल के तीसरे मजले पर स्थित चाइल्ड वार्ड में अचानक आग लगने से तीन बच्चों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। सभी घायल बच्चों का इलाज सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना में वार्ड में इलाज करवा रहे अन्य बच्चों को बचा लिया गया है। इस घटना की छानबीन अस्पताल प्रशासन और अमरावती पुलिस कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

