मालाबार हिल में हाई माउंट स्टेट गेस्ट हाउस का हुआ उद्घाटन
मुंबई, 13 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मालाबार हिल में पुनर्निर्मित हाई माउंट स्टेट गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह गेस्ट हाउस राज्य में आने वाले वीआईपी, विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों के ठहरने के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
मालाबार हिल स्थित इस नए स्टेट गेस्ट हाउस में कुल 57 कमरे हैं, जिनमें 6 वीवीआईपी और 51 अन्य कमरे शामिल हैं। ग्राउंड फ्लोर के अलावा इसकी आठ मंजिलें हैं। भवन का निर्माण आधुनिक सुविधाओं, उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण आतिथ्य को ध्यान में रखकर किया गया है।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस सहित उपस्थित अतिथियों ने गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया और विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह गेस्ट हाउस महाराष्ट्र में आने वाले देश-विदेश के विशिष्ट अतिथियों को बेहतर आवास और आतिथ्य उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा राज्य की हॉस्पिटैलिटी व्यवस्था को और मजबूत करेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल, लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्र सिंह राजे भोसले, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन, विधायक विश्वजीत कदम, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

