home page

दिल्ली आंदोलन के मद्देनजर महाराष्ट्र में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ाई

 | 

मुंबई, 24 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में चल रहे सीजेपी (क्रॉक्रोज जनता पार्टी) आंदोलन की पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र पुलिस ने शुक्रवार को पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि शिक्षा मंत्री दादा भुसे सहित कई मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के सरकारी आवासों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

महराष्ट्र पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार ऐहतियात बरतते हुए मुख्यमंत्री के शासकीय आवास ‘वर्षा’ बंगले की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है तथा पूरे इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

मंत्रालय परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है और प्रवेश द्वारों पर जांच को और कड़ा किया गया है। संवेदनशील इलाकों में राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) की अतिरिक्त टुकडिय़ां तैनात की गई हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां राज्यभर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की समस्या को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में जंतर मंतर पर जारी सीजेपी के आंदोलन को देखते हुए देश के विभिन्न राज्यों में भी विरोध प्रदर्शनों की संभावना जताई जा रही है। इसी को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुंबई, पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर जैसे प्रमुख शहरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रविवार को ठाकरे बंधुओं की ओर से शिवाजी पार्क से सिद्धिविनायक मंदिर तक मार्च निकाला जाएगा। इन कार्यक्रमों को देखते हुए मुंबई पुलिस ने संबंधित मार्गों और प्रदर्शन स्थलों पर सुरक्षा और पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया है। फिलहाल राज्य में कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। सुरक्षा बढ़ाने का फैसला पूरी तरह एहतियाती और निवारक कदम के तौर पर लिया गया है।

पुलिस ने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार आगे भी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव