home page

पालघर में मूसलाधार बारिश का कहर जारी, डहाणू-तलासरी में बाढ़ जैसे हालात

 | 

मुंबई, 23 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से गुरुवार को जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं। भारी बारिश के चलते सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे जिले का अन्य क्षेत्रों, विशेषकर मुंबई से संपर्क प्रभावित हो गया है।

बुधवार दोपहर से शुरू हुई तेज बारिश के बाद जिले की सूर्या नदी खतरे की निशानी के पास पहुंच गई है। जिससे डहाणू और तलासरी तहसीलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इरानी रोड, चंद्रिका होटल क्षेत्र, सागर लॉज और डहाणू बस डिपो सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है। कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है।

व्यापारियों ने बताया कि दुकानों में पानी घुसने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

वहीं, तलासरी और कासा क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित कई घरों में भी पानी भर गया है। पालघर में हुई भारी बारिश के कारण घोलवड और उंबरगांव के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई-गुजरात रेल मार्ग पर चलने वाली 10 लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

बारिश की वजह से आज डहाणू से पनवेल जाने वाली मेमू ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से नालासोपारा पहुंची, जिससे भिवंडी, कोपर और पनवेल जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, चर्चगेट की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनें भी 5 से 10 मिनट की देरी से चल रही है। लगातार बारिश के कारण बोईसर-पालघर मार्ग पर सरावली के पास सड़क पर भारी जलभराव हो गया है। इसके चलते प्रशासन ने इस मुख्य मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है।

प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। पालघर जिला प्रशासन के अनुसार स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी जा रही है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव