home page

पुणे में बेमौसम बारिश से कई इलाके जलमग्न, पेड़ गिरने से महिला की मौत

 | 
पुणे में बेमौसम बारिश से कई इलाके जलमग्न, पेड़ गिरने से महिला की मौत


मुंबई, 02 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले में गुरुवार को दोपहर में हुई बेमौसम बारिश से खडक़वासला, कटराज, डेक्कन , पिंपरी चिंचवाड़ समेत की इलाके जलमग्न हो गए हैं। सिंहगढ़ रोड इलाके में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पुणे में इसी तरह की बारिश की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर में सबसे ज्यादा बारिश खडक़वासला में 88, कटराज इलाके में 83, डेक्कन में 79 मिलीमीटर रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। करीब दो घंटे तक एक ही स्पीड से हुई बारिश ने शहर को अस्त-व्यस्त कर दिया। सडक़ों पर पानी भर गया, जिससे गाडिय़ां उनमें फंस गईं। शीशे से फोर-व्हीलर के आगे कुछ भी नहीं दिख रहा था। दोपहर 2 से 4 बजे तक लोग दुकानों और होटलों में पनाह लेते हुए छिप गए थे।

हालांकि, हवा की स्पीड इतनी थी कि जो लोग पनाह में रुके थे, वे भी भीग गए। छाता और रेनकोट न होने की वजह से कई लोगों को भीगते हुए अपने घरों और ऑफिस पहुंचना पड़ा। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी और बादलों की गडग़ड़ाहट की आवाज़ तेज़ थी। इस वजह शहर के ज़्यादातर हिस्सों में पेड़ गिरने की कई घटनाएं हुईं हैं। बेमौसम बारिश और तेज हवा की वजह से सिंहगढ़ रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के पास एक पेड़ गिर जाने से रंजना गिरी नामक महिला की मौत हो गई जबकि इस घटना में दो लोग घायल हो गए हैं। इसी तरह कोंडवा इलाके में भी एक पेड़ कार पर गिर गया। इस घटना में कार में कोई नहीं था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव