महाराष्ट्र में भारी बारिश का अनुमान, मुंबई समेत 11 जिलों में येलो अलर्ट
मुंबई, 13 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र में मौसम विभाग ने गुरुवार को मुंबई समेत राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और पूर्वी विदर्भ के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आपातकालीन विभाग ने प्रशासन को सतर्क रहने और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि कोंकण क्षेत्र में आज बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र के नासिक, पुणे, सतारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है। पूर्वी विदर्भ के गोंदिया और गढ़चिरौली जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। ऐसे में नागरिकों को विशेष रूप से घाट क्षेत्रों, निचले इलाकों और भारी बारिश वाले स्थानों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दूसरी ओर, विदर्भ में बारिश की कमी किसानों की चिंता बढ़ा रही है। खरीफ फसलों के लिए इस समय पर्याप्त बारिश की आवश्यकता है, लेकिन अगस्त में बारिश कमजोर पडऩे से कई इलाकों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जुलाई के अंतिम दिनों में हुई अच्छी बारिश से बारिश की कमी कुछ हद तक कम हुई थी, लेकिन इसके बाद बारिश कमजोर पड़ गई। 1 जून से 12 अगस्त तक नागपुर जिले में 483 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में औसत बारिश 610.6 मिमी होनी चाहिए थी।
इस तरह नागपुर में बारिश की कमी करीब 21 प्रतिशत रही। पूरे विदर्भ में बारिश की कुल कमी करीब 13 प्रतिशत दर्ज की गई है। अमरावती में 26 प्रतिशत और चंद्रपुर में 22 प्रतिशत बारिश कम हुई है। हालांकि, बुलढाणा और गोंदिया में औसत से करीब 10 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में कोंकण, घाट क्षेत्रों और पूर्वी विदर्भ में बारिश का जोर बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और नागरिकों को स्थानीय मौसम अलर्ट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

