अगस्त क्रांति दिवस पर मुंबई में निकलेगी 'हर घर तिरंगा' प्रभातफेरी
मुंबई, 06 अगस्त (हि.स.)। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्य संचालनालय, मुंबई की ओर से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत 9 अगस्त को विशेष प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। यह प्रभातफेरी सुबह 9 बजे भारतीय विद्या भवन से शुरू होकर अगस्त क्रांति मैदान तक जाएगी। इसमें नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
संचालनालय के अनुसार, 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी द्वारा दिए गए 'भारत छोड़ो' आंदोलन के आह्वान ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी। अगस्त क्रांति दिवस देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाने वाला ऐतिहासिक अवसर है।
'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से आयोजित इस प्रभातफेरी का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना तथा स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और अगस्त क्रांति के महत्व से नई पीढ़ी को परिचित कराना है। अभियान के तहत लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया गया है। यह प्रभातफेरी सांस्कृतिक कार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विकास मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार की संकल्पना तथा सांस्कृतिक कार्य विभाग की सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। सांस्कृतिक कार्य संचालनालय के निदेशक श्रीराम पांडे ने मुंबई और आसपास के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सांस्कृतिक संगठनों से इस प्रभातफेरी में स्वेच्छा से शामिल होकर 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

