सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध : चंद्रकांत पाटिल
मुंबई, 03 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने सोमवार को सांगली में कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सरकार ने महिलाओं को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य के प्रत्येक जिले में महिला बैंक स्थापित करने का निर्णय लिया है।
सांगली जिले की मिरज तहसील के सावली स्थित विहानराजे मंगल कार्यालय में महिला आर्थिक विकास महामंडल के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पाटिल ने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ महिलाओं को प्रशिक्षण, उद्योग एवं व्यवसाय शुरू करने के लिए पूंजी तथा उनके उत्पादों के विपणन के लिए बाजार उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी रहती हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'लखपति दीदी' अभियान के तहत देशभर में तीन करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में राज्य सरकार ने हर जिले में महिला बैंक स्थापित करने का फैसला किया है, ताकि महिलाओं को व्यवसाय और स्वरोजगार के लिए आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत सांगली जिले ने सबसे पहले 'सांगली जिला लाडकी बहिन कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी' की स्थापना की है। सोसायटी के 700 रुपये मूल्य के शेयर जारी किए गए हैं, जिनका वितरण कार्यक्रम के दौरान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

