home page

ईंधन की कृत्रिम कमी पैदा करने के लिए जमाखोरों पर होगी कठोर कार्रवाई : भाजपा

 | 

मुंबई, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को कहा कि सूबे में कुछ लोग पेट्रोल और डीजल की कालाबाजारी और जमाखोरी कर कृत्रिम कमी जैसी स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार इन जमाखोरों पर कठोर कार्रवाई करेगी।

नवनाथ बन मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। नवनाथ बन ने कहा कि ईरान और इजऱाइल युद्ध के बाद पूरी दुनिया में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। चीन में भी पेट्रोल और डीजल के दाम 25 प्रतिशत तक बढ़े हैं। केवल भारत ऐसा देश है जहां कीमतों में मात्र चार प्रतिशत की वृद्धि हुई है। भारत में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है। कुछ लोग अतिरिक्त ईंधन का भंडारण कर रहे हैं और विशेष रूप से मराठवाड़ा, जालना और संभाजीनगर जैसे क्षेत्रों में जानबूझकर जमाखोरी कर पेट्रोल-डीजल की कृत्रिम कमी पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क है। ऐसे जमाखोरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नवनाथ बन ने कहा कि सूबे में विपक्ष भी ईंधन की कमी की अफवाह फैलाकर आम जनता को उकसाने का प्रयास कर रहा है। विपक्ष की सोच है कि जिस प्रकार बांग्लादेश और नेपाल में युवाओं को भडक़ाकर हिंसा फैलाने का काम किया गया, उसी प्रकार भारत में भी हिंसा भडक़ाने की कोशिश कुछ विदेशी ताकतों द्वारा की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव